मोदी का NCR को बड़ा तोहफा: नमो भारत और भारत की सबसे तेज मेरठ मेट्रो लॉन्च
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 82 किमी लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। नमो भारत ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और दिल्ली-मेरठ सफर एक घंटे से कम समय में पूरा होगा। इससे NCR में कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
Namo Bharat train launch: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के शेष हिस्सों और 23 किलोमीटर लंबे मेरठ मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 82 किलोमीटर लंबा पूरा नमो भारत कॉरिडोर शुरू हो गया, जिससे दिल्ली-एनसीआर में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिला है। उद्घाटन के बाद शाम 6 बजे से यात्रियों के लिए सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
अब दिल्ली से मेरठ की दूरी सिर्फ 1 घंटे
नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय घटकर एक घंटे से भी कम रह जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और NCRTC अधिकारियों के साथ शताब्दी नगर से मेरठ साउथ तक नमो भारत ट्रेन में सफर भी किया और यात्रियों से बातचीत की।
180 Kmph की स्पीड से दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन
नमो भारत ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की ऑपरेशनल स्पीड के लिए डिजाइन किया गया है। इससे साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे शहरों तक यात्रा तेज और आसान होगी।
वहीं मेरठ मेट्रो भारत की सबसे तेज मेट्रो है, जिसकी अधिकतम स्पीड करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह पूरा कॉरिडोर लगभग 30 मिनट में पूरा करेगी।
13 स्टेशन, आसान इंटरचेंज की सुविधा
मेरठ मेट्रो के 23 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 13 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम प्रमुख हैं। यात्रियों को इन स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो के बीच इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
सराय काले खां बना बड़ा मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब
दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन है, जहां से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो, ISBT और रिंग रोड से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।
नमो भारत ट्रेन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नमो भारत ट्रेन को बुलेट ट्रेन की तरह डिजाइन किया गया है। इसमें डिजिटल कंट्रोल सिस्टम, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट, आरामदायक सीटें, लगेज स्पेस और महिलाओं के लिए अलग कोच जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर का अनुभव देगी।