सिलचर में PM मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट का शिलान्यास, बोले: 'जहां कांग्रेस का दिमाग बंद, वहां...
सिलचर I असम के सिलचर में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने बराक घाटी की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि सिलचर को “बराक घाटी का गेटवे” कहा जाता है और यह क्षेत्र भाषा, संस्कृति और व्यापार के दृष्टिकोण से विशिष्ट पहचान रखता है।
प्रधानमंत्री ने शिलॉन्ग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। 166 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर की लागत करीब 22,860 करोड़ रुपये होगी। इसके बन जाने से असम और मेघालय के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और गुवाहाटी से सिलचर की यात्रा का समय साढ़े आठ घंटे से घटकर सिर्फ पांच घंटे रह जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से बराक घाटी उत्तर पूर्व का एक बड़ा लॉजिस्टिक और ट्रेड हब बनकर उभरेगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर पूर्व और बराक घाटी को लंबे समय तक विकास से दूर रखा। लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र को जोड़ते हुए व्यापार और निवेश के अवसर बढ़ाए हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि शिलचर-शिलॉन्ग कॉरिडोर उत्तर पूर्व का पहला एक्सेस कंट्रोल्ड हाई स्पीड कॉरिडोर होगा, जो सिलचर, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और इसके आगे बांग्लादेश व म्यांमार तक दक्षिण पूर्व एशिया के बड़े बाजार से जोड़ देगा। इस कॉरिडोर से किसानों, युवाओं, पर्यटन और पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को लाभ होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का विकास मंत्र सीमावर्ती और पिछड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता देना है, जबकि कांग्रेस ने असम को 'फूट डालो और राज करो' नीति का प्रयोग क्षेत्र में लागू किया। आज बराक घाटी और असम के युवा विकास और अवसरों के नए आयाम की ओर बढ़ रहे हैं।