{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM Modi का 4 दिन का विदेश दौरा आज से, उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान जाएंगे, पुतिन से भी होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के दौरे पर रहेंगे। ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ रणनीतिक साझेदारी पर बातचीत होगी। इसके बाद पीएम मोदी बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों पर भारत की प्राथमिकताएं रखेंगे।
 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पीएम मोदी की मुलाकात भी प्रस्तावित है।

उज्बेकिस्तान में रणनीतिक साझेदारी पर होगी बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर ताशकंद पहुंचेंगे। यह उनकी उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। यहां दोनों नेता प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के रास्तों पर चर्चा करेंगे।

बैठक में व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत कई अहम मुद्दों पर सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता भविष्य के सहयोग का एजेंडा भी तय करेंगे। इसके अलावा विकसित भारत 2047 और उज्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

SCO में भारत की प्राथमिकताओं पर PM मोदी का फोकस

इसके बाद प्रधानमंत्री किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां 31 अगस्त से 1 सितंबर तक 26वां SCO शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में मोदी सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों से जुड़े भारत के दृष्टिकोण को सामने रखेंगे।

SCO बैठक के दौरान प्रधानमंत्री संगठन के सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इसके अलावा वे किर्गिस्तान में आयोजित होने वाले छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।

पुतिन से भी होगी अहम बातचीत

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक क्रेमलिन ने बताया है कि पुतिन 31 अगस्त को बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत करेंगे। दोनों नेताओं की मुलाकात पर भारत-रूस संबंधों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के लिहाज से भी नजर रहेगी।

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत मध्य एशियाई देशों के साथ व्यापार, सुरक्षा, ऊर्जा और कनेक्टिविटी सहयोग को मजबूत करने पर लगातार जोर दे रहा है। ऐसे में उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा भारत की मध्य एशिया नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।