{"vars":{"id": "130921:5012"}}

संसद मार्च के बाद NEET पेपर लीक पर PM मोदी का पहला रिएक्शन, कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे...

 

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहली बार सार्वजनिक बयान सामने आया है। एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक राजनीति का विषय नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए दोबारा परीक्षा कराई गई और उसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

उन्होंने बताया कि पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साथ ही कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से निपटना केवल केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सभी राज्यों, एजेंसियों और संबंधित संस्थानों को मिलकर काम करना होगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और परीक्षाओं की पारदर्शिता बनी रहे।