{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ओडिशा को PM मोदी का ₹47,600 करोड़ का तोहफा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर पहुंचे पैतृक गांव
 

 

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने एक दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान राज्य को 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ही ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहीं। राष्ट्रपति के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कम्भमपति ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने संथाली जाहेरा और हो जाहेरा के पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने पहाड़पुर स्कूल और स्किल सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू के पैतृक गांव का भ्रमण किया और उनके विद्यालय का भी दौरा किया। क्षेत्र में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक नृत्य-गीतों के साथ प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने रास्ते में अपना काफिला रोककर बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट वितरित की।

दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसका विषय था— “विकास की धारा, ओडिशा सारा”। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में 600 मेगावाट की अपर इंद्रावती पंप्ड स्टोरेज परियोजना, आईबी थर्मल पावर स्टेशन की दो नई 660 मेगावाट इकाइयां, झारसुगुड़ा में बीसीजीसीएल परियोजना, भुवनेश्वर में संपीड़ित बायोगैस संयंत्र, काठजोड़ी नदी पर नया पुल, कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, सिंचाई योजनाएं और रायरंगपुर में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शामिल हैं।

इसके अलावा बौद्ध जिले में 300 बेड वाले जिला अस्पताल भवन, राज्य के विभिन्न जिलों में 24 अटल बस स्टैंड, नौ स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र, रेल मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं तथा खेल एवं जनजातीय अनुसंधान केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से ओडिशा में स्वास्थ्य, परिवहन, ऊर्जा, सिंचाई और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।