{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी का मास्टर स्ट्रोक : मतुआ और नामशूद्र शरणार्थियों को मिलेगी नागरिकता, घुसपैठियों की बंगाल से होगी छुट्टी

 
पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच घुसपैठ और नागरिकता जैसे अहम मुद्दों पर बीजेपी का रुख साफ करते हुए बड़ा वादा किया है। पूर्व बर्धमान जिले के कटवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA) के तहत मतुआ और नामशूद्र शरणार्थी परिवारों को नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने शरणार्थियों को अधिकार देने के लिए CAA लागू किया, जबकि सत्तारूढ़ Trinamool Congress लोगों में भ्रम और भय फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मतुआ और नामशूद्र समुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे भारत के संविधान के संरक्षण में हैं और उनकी नागरिकता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल छोड़ना पड़ेगा। साथ ही चेतावनी दी कि जो लोग घुसपैठियों की मदद कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्य की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee और उनकी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव उस डर को खत्म करने और विकास की नई शुरुआत करने का मौका है।

प्रधानमंत्री ने किसानों, खासकर आलू उत्पादकों की समस्याओं का जिक्र करते हुए तृणमूल सरकार पर आरोप लगाया कि उसकी नीतियों ने किसानों का भविष्य खराब किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार पर श्वेतपत्र जारी करेगी और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

महिलाओं से भाजपा के समर्थन में एकजुट होने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जहां-जहां महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, वहां भाजपा को बड़ी जीत मिली है।

कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।