राज्यसभा में PM मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘मोदी की कब्र खोदने’ की बातें नारा नहीं...
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह पचा नहीं पा रही है कि एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री कैसे बन गया और लगातार तीसरी बार कैसे टिका हुआ है। इसी हताशा में कांग्रेस और उसके समर्थक ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस खुद को “मोहब्बत की दुकान” बताती है, लेकिन उसी दुकान से किसी भारतीय नागरिक की कब्र खोदने की बातें निकल रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान नहीं है?
‘कांग्रेस क्यों चाहती है मोदी की कब्र?’ – PM मोदी ने गिनाईं वजहें
PM मोदी ने कांग्रेस की नाराजगी और आक्रोश के पीछे कई कारण गिनाए। उन्होंने कहा कि
-
कांग्रेस आज भी नेहरू काल के फैसलों का बोझ ढो रही है। सिंधु जल समझौते जैसे फैसलों को हमने व्यवहारिक रूप से रोका, इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है।
-
कांग्रेस यह स्वीकार नहीं कर पा रही कि मोदी यहां तक कैसे पहुंचा और टिक कैसे गया।
-
स्टार्टअप कल्चर को कांग्रेस ने कभी बढ़ावा नहीं दिया, जबकि हमारी सरकार ने दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप को समर्थन दिया।
-
पहले सेना के पास जरूरी संसाधनों की कमी होती थी, हमने जवानों के लिए खजाना खोल दिया।
-
अनुच्छेद 370 हटाकर हमने नेहरू काल की गलती सुधारी, इसलिए कांग्रेस को तकलीफ है।
-
नॉर्थ ईस्ट में शांति और आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई कांग्रेस को रास नहीं आ रही।
-
माओवाद और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने से भी कांग्रेस परेशान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि प्रधानमंत्री की कुर्सी उनकी जागीर है और जब कोई बाहर से आकर उस कुर्सी पर बैठ जाता है, तो उन्हें यह बर्दाश्त नहीं होता।
‘25 साल से संसद में गालियां खा रहा हूं’
PM मोदी ने भावुक लहजे में कहा कि पिछले 25 सालों में संसद का शायद ही कोई सत्र ऐसा गया हो, जिसमें उन्हें गालियां न दी गई हों। उन्होंने कहा, “किसी ने मुझसे स्वास्थ्य का राज पूछा था, मैंने कहा, रोज़ दो किलो गालियां खा लेता हूं।” उन्होंने दो टूक कहा कि ‘मोदी की कब्र’ जैसे नारे राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर भरी नफरत का प्रतिबिंब हैं।
‘खुद को राजा मानने वाले आर्थिक असमानता की बात कर रहे’
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की बहस के स्तर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को ‘राजा’ समझते हैं, वही आज आर्थिक असमानता पर भाषण दे रहे हैं। यह देखकर देश को सोचना पड़ेगा कि क्या यही भरोसे के लायक राजनीति है।
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लंबे समय तक शासन करने का अनुभव है, लेकिन इसके बावजूद वह सकारात्मक और ऊंचे स्तर की बहस करने में असफल रही है। प्रधानमंत्री के इस तीखे भाषण के बाद राज्यसभा में सियासी माहौल गर्म हो गया और सत्ता पक्ष की ओर से जोरदार मेज थपथपाई गई।