{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लॉकडाउन की अटकलों पर सियासी घमासान: ममता बनर्जी के बयान पर बोले संजय राउत- ‘बात में दम’, सरकार ने किया...

 
कोलकाता। देश में एक बार फिर लॉकडाउन को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान के बाद अब शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसने इस मुद्दे को और गरमा दिया है।

संजय राउत बोले- ‘बात में दम लगता है’

संजय राउत ने ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए लॉकडाउन की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और किरोसिन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और सरकार के भीतर भी हलचल नजर आ रही है। ऐसे में यह संभव है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन की बचत के लिए 10-15 दिनों का लॉकडाउन लागू कर सकते हैं।

ममता बनर्जी ने क्या कहा था

दरअसल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांडेश्वर में एक चुनावी रैली के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर लॉकडाउन लगा सकते हैं और लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर सकते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।

केंद्र सरकार ने अफवाह बताया

हालांकि, इन अटकलों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया कि लॉकडाउन को लेकर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सरकार के स्तर पर लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।

संसद में पीएम के बयान पर भी निशाना

इस बीच, संजय राउत ने मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के मुद्दे पर संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के 25 दिन बाद प्रधानमंत्री संसद में आए और उनके हाव-भाव से ऐसा लगा कि वे दबाव में हैं। राउत ने यह भी टिप्पणी की कि पीएम मोदी की बॉडी लैंग्वेज आत्मविश्वास से भरी नहीं दिखी।