{"vars":{"id": "130921:5012"}}

2027 से पहले बढ़ी सियासी हलचल: अखिलेश-संजय सिंह की मुलाकात, यूपी में सपा-आप गठबंधन की अटकलें तेज

​​​​​​​

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। संजय सिंह सपा मुख्यालय पहुंचे, जहां दोपहर करीब एक बजे दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई।

इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में यूपी की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सपा और AAP के बीच संभावित चुनावी गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर भी मंथन होने की चर्चा है।

सूत्रों का दावा है कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में करीब 15 से 20 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर सकती है। हालांकि, गठबंधन या सीट शेयरिंग को लेकर अभी तक दोनों दलों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मुलाकात के बाद शिक्षा व्यवस्था पर संजय सिंह ने साधा निशाना

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने जौनपुर के पांच विद्यालयों के कथित तौर पर खाली या गायब होने का मुद्दा उठाया।

संजय सिंह ने कहा कि इन पांच स्कूलों में से किसी एक स्कूल को खोजकर सामने लाने वाले व्यक्ति को वह अपनी तनख्वाह से एक लाख रुपये देंगे। उन्होंने इसे लेकर चुनौती भी दी।

संजय सिंह और अखिलेश यादव की इस मुलाकात के बाद यूपी की सियासत में सपा और AAP के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों दल साथ आएंगे या नहीं और अगर गठबंधन होता है तो सीटों का बंटवारा किस फॉर्मूले पर होगा, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। 2027 के चुनाव से पहले यह मुलाकात आने वाले दिनों में यूपी की सियासत में नए समीकरणों की नींव रख सकती है।