{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर गरमाई बिहार की सियासत, बोले केशव प्रसाद मौर्य- तेजस्वी यादव खुद जाएंगे जेल

 
Bihar Chunav 2025 : बिहार के मोकामा में शनिवार को जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस हत्याकांड में पटना पुलिस ने शनिवार रात जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उम्मीदवार अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है।

राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह होना ही था, जिस तरह की घटना घटी थी। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में आज जंगलराज जैसी स्थिति बनी हुई है। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी तंज कसते हुए कहा कि “बिहार में अपराध की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को कुछ दिखाई नहीं देता।

केशव प्रसाद मौर्य का पलटवार

तेजस्वी यादव के बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पश्चिमी चंपारण के बेतिया में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव खुद जेल जाएंगे। उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। नौकरी के बदले जमीन लेने का मामला चल रहा है। अब यह देखना होगा कि वे खुद को जेल जाने से बचा पाएंगे या नहीं।

मौर्य ने आगे कहा कि बिहार में कानून का राज है और नीतीश कुमार की सरकार सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। “भ्रष्टाचार और अपराध करने वालों पर कार्रवाई होना ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा, यही नीतीश कुमार की सरकार का काम करने का तरीका है।

तेजस्वी यादव का दावा

तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि बिहार में जल्द ही महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा, “18 नवंबर को हमारी सरकार शपथ लेगी। 26 नवंबर से 26 जनवरी के बीच जितने भी अपराधी बिहार में हैं, चाहे वे किसी भी जाति के हों, सबकी गिरफ्तारी होगी।