{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बंगाल में चुनाव बाद खूनी खेल: सुवेंदु अधिकारी के PA की सरेआम गोली मारकर हत्या, 8 हमलावरों ने घेरकर बरसाईं गोलियां

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। West Bengal के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार देर रात हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक (PA) Chandra Nath Rath की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ कुछ लोगों के साथ मौजूद थे, तभी अचानक हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

चार राउंड फायरिंग से दहला इलाका

यह वारदात कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चंद्रनाथ रथ को गोली लगने से पहले कम से कम चार राउंड फायरिंग हुई थी।

बताया जा रहा है कि चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हमलावरों ने उनकी सफेद स्कॉर्पियो कार को रास्ते में रोका और बेहद करीब से गोलियां बरसा दीं। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ उत्तरी 24 परगना जिले के जेसोर रोड स्थित दोहरिया इलाके से होकर अपने कोलकाता स्थित फ्लैट लौट रहे थे। उनका घर घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। जैसे ही स्कॉर्पियो की रफ्तार धीमी हुई, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल

इस हमले में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, उन्हें तीन गोलियां लगी हैं और उनका इलाज Apollo Hospital Kolkata में चल रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।

टीएमसी और भाजपा आमने-सामने

घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। All India Trinamool Congress ने इस हत्या की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है।

टीएमसी ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में चुनाव बाद हिंसा में उसके कई कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है। पार्टी का दावा है कि पिछले तीन दिनों में उसके तीन कार्यकर्ताओं की मौत हुई है, जिनमें भाजपा समर्थित बदमाशों की भूमिका रही।

टीएमसी ने यह भी कहा कि राज्य में अभी आदर्श आचार संहिता लागू है, इसके बावजूद हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वहीं भाजपा ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है।