{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ड्यूटी पर ‘पॉटी ब्रेक’ पड़ा भारी! कांस्टेबल पर एक्शन, जवाब में दरोगा की खोल दी पोल

संभल में ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर मिले ट्रैफिक हेड कांस्टेबल का मामला विवादों में घिर गया है। सफाई देने पर प्रभारी से तीखी नोकझोंक हुई और वीडियो वायरल हो गया। एसपी ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

 

Sambhal News: संभल जिले में ट्रैफिक पुलिस का एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर पाए गए एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद मामला पलट गया और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया।

एक्सप्रेसवे ड्यूटी के बीच हुआ घटनाक्रम

घटना गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से एक दिन पहले की बताई जा रही है। उस समय ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के इंटरचेंज प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

लहरावन गांव के पास ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल जय भगवान चेकिंग के दौरान मौके पर मौजूद नहीं मिले, जिसके बाद ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान ने उनकी गैरहाजिरी की रिपोर्ट दर्ज कर दी।

कांस्टेबल की सफाई से बढ़ा विवाद

बाद में मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल ने सफाई देते हुए कहा कि उनका पेट खराब था और उन्हें अचानक शौच के लिए पास के पेट्रोल पंप जाना पड़ा।

उनका दावा है कि उन्होंने इसकी जानकारी अपने प्रभारी को दी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। कांस्टेबल का आरोप है कि इस दौरान फोन पर उनके साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया गया।

घटना के बाद हेड कांस्टेबल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में उन्होंने ट्रैफिक प्रभारी पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिसमें अवैध रूप से ट्रकों के संचालन को लेकर नाराजगी जताने जैसी बातें शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की एक घटना के बाद से ही प्रभारी उनसे नाराज चल रहे थे।

एसपी ने लिया एक्शन, दोनों लाइन हाजिर

मामले के तूल पकड़ने के बाद कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल और ट्रैफिक प्रभारी, दोनों को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।