{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चुनाव से पहले जनगणना की तैयारी तेज! यूपी समेत 4 राज्यों में इस तारीख से शुरू होगी प्रक्रिया

 

नई दिल्ली। जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने प्रक्रिया और तारीखों से जुड़ा अहम अपडेट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा के कुछ हिस्सों में जनसंख्या गणना का काम 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच पूरा किया जाएगा। अगले साल की शुरुआत में इन राज्यों में चुनाव की संभावना को देखते हुए यहां जनगणना की प्रक्रिया पहले पूरी की जा रही है।

पिछले महीने जारी राजपत्र अधिसूचना के मुताबिक, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना 1 से 30 सितंबर 2026 तक कराई जाएगी। इन क्षेत्रों के लिए स्व-गणना यानी Self Enumeration की सुविधा 17 से 31 अगस्त तक उपलब्ध रही।

मार्च 2027 को माना गया है जनगणना का मुख्य संदर्भ दिन

सरकार ने पिछले साल जून में देश के अधिकांश हिस्सों के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की थी। हालांकि, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऐसे क्षेत्रों को इससे अलग रखा गया है।

इन क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जनगणना की प्रक्रिया पहले पूरी की जा रही है।

मणिपुर में घरों की सूची बनाने का काम स्थगित

वहीं, मणिपुर में जनगणना 2027 के तहत घरों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। एएनआई के अनुसार, गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मणिपुर में यह काम अगली सूचना तक स्थगित रहेगा।

गृह मंत्रालय ने इस संबंध में 7 जनवरी 2026 को जारी अपनी पिछली अधिसूचना में संशोधन किया है। पिछली अधिसूचना में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना 2027 के तहत घरों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई थी।

इस नए बदलाव के बाद जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग समयसीमा के अनुसार काम आगे बढ़ाया जा रहा है।