राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी चूक, लैंडिंग के वक्त हेलीपैड पर धंसे हेलीकॉप्टर के पहिए
केरल के सबरीमाला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के दौरान बुधवार को सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली। राष्ट्रपति को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय हेलीपैड पर फंस गया। बताया जा रहा है कि जिस हेलीपैड पर उतरना था, उसका निर्माण कार्य अंतिम समय में किया गया था और सीमेंट-कंक्रीट का मिश्रण पूरी तरह सूखने से पहले ही हेलीकॉप्टर उतार दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हेलीपैड निर्माण का निर्णय मंगलवार (21 अक्टूबर) देर शाम लिया गया था। रातों-रात वहां कंक्रीट बिछाने का काम शुरू हुआ और बुधवार सुबह तक उसे किसी तरह तैयार किया गया ताकि राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतर सके। हालांकि, राज्य खुफिया विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि कंक्रीट पूरी तरह सूखा नहीं है और वहां हेलीकॉप्टर उतारना खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद यह चेतावनी नजरअंदाज कर दी गई।
लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर के पिछले पहिए हेलीपैड की सतह में धंस गए। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने निकाला हेलीकॉप्टर
घटना के तुरंत बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों की मशक्कत के बाद हेलीकॉप्टर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारियों के अनुसार, सुबह 4 बजे तक राष्ट्रपति के यात्रा मार्ग को लेकर असमंजस बना हुआ था — यह तय नहीं था कि वह सड़क मार्ग से जाएंगी या हवाई मार्ग से। इसीलिए पुलिस दोनों व्यवस्थाओं में तैनात रही।
भगवान अयप्पा मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबरीमाला पहुंचकर भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। वह पंबा से सन्निधानम तक की यात्रा करेंगी। गौरतलब है कि वह सबरीमाला मंदिर में पूजा करने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी।