{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला
 

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा सीटों की संख्या में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की खबर है। प्रस्ताव के मुताबिक, सीटों की संशोधित अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक प्रभावी रहेगी। संसद के 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र से पहले इस फैसले को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विशेष सत्र के दौरान केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक में संशोधन पेश कर सकती है।

दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कवायद

लोकसभा सीटों में प्रस्तावित वृद्धि को परिसीमन के बाद दक्षिण भारतीय राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व को लेकर जताई जा रही चिंताओं को दूर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इससे पहले भी सरकार द्वारा 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बरकरार रखते हुए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने के फॉर्मूले पर विचार करने की खबरें सामने आई थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुलाई गई थी। इसमें सभी केंद्रीय मंत्रियों को उपस्थित रहने के लिए कहा गया था।

महिला आरक्षण कानून में संशोधन की तैयारी

केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से संबंधित कानून में बदलाव करने पर भी विचार कर रही है। अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो सका था, जिसके बाद नए संशोधनों की तैयारी की जा रही है।

पिछले विधेयक में महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ने के साथ लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था।

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक के साथ शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दो दिसंबर से प्रारंभ होगी। सरकारी कामकाज के आधार पर विशेष सत्र तीन दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है।