{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पुणे कांड पर फूटा जनआक्रोश: मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, पुलिस चौकी का घेराव; दोषी के लिए फांसी की मांग
 

 

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले के एक गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 65 वर्षीय एक बुजुर्ग ने 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की।

मामले पर सुप्रिया सुले ने प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद अमानवीय है और मानवता को कलंकित करने वाली है। सुले ने बताया कि उन्होंने पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक से बात की है और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी की सामूहिक इच्छा है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसलिए संयम बनाए रखना जरूरी है।

वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए और आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए।

कैसे हुआ खुलासा?

यह घटना तब सामने आई जब बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला। फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ नजर आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को खाने-पीने का लालच देकर एक झोपड़ी में ले गया, जहां उसने पहले दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी।