रेलवे में 2008 अप्रेंटिस पदों पर निकली भर्ती, 10वीं-ITI पास के लिए मौका, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे ने एक्ट अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट 2026 के तहत 2008 ट्रेनिंग स्लॉट जारी किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन रेलवे रिक्रूटमेंट सेल, जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in के माध्यम से करना होगा। यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट, 1961 के तहत वर्ष 2026-27 के लिए की जा रही है। अप्रेंटिस के पद नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे के अलग-अलग डिवीजन और वर्कशॉप में उपलब्ध हैं।
किस डिवीजन में कितने पद?
इस भर्ती के तहत रेलवे की कुल 8 यूनिट में 2008 ट्रेनिंग स्लॉट रखे गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 580 स्लॉट जयपुर डिवीजन में हैं। इसके बाद बीकानेर डिवीजन में 524 और अजमेर डिवीजन में 500 स्लॉट हैं।
इसके अलावा जोधपुर डिवीजन में 134, बीटीसी कैरिज अजमेर में 101, बीटीसी लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 स्लॉट हैं।
इन पदों में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, कारपेंटर, पेंटर, मेसन, पाइप फिटर, डीजल मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मैकेनिक टूल मेंटेनेंस और रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग समेत कई ट्रेड शामिल हैं।
क्या है शैक्षणिक योग्यता?
अप्रेंटिस पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। अंकों के प्रतिशत में किसी तरह की राउंडिंग की अनुमति नहीं होगी।
इसके साथ उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) होना चाहिए। यह प्रमाणपत्र NCVT या SCVT से जारी होना जरूरी है। आवेदन की अंतिम तारीख तक उम्मीदवार के पास निर्धारित शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता होनी चाहिए। जिन अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
15 से 24 साल तक की आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 साल और 24 साल से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
एससी और एसटी उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल, ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल और PwBD उम्मीदवारों को 10 साल की छूट मिलेगी। एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार आयु में छूट का लाभ मिलेगा।
नहीं होगी लिखित परीक्षा
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए अलग से कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
मेरिट तैयार करते समय 10वीं और संबंधित ट्रेड की ITI परीक्षा में प्राप्त प्रतिशत का साधारण औसत लिया जाएगा। 10वीं की मेरिट में सभी विषयों के अंक शामिल किए जाएंगे। इसके बाद डिवीजन/यूनिट, ट्रेड और कैटेगरी के आधार पर मेरिट तैयार होगी और उपलब्ध स्लॉट के अनुसार उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
अगर दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए सबसे पहले रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाना होगा।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड कर आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
फीस जमा करने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करें और भविष्य की जरूरत के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
महत्वपूर्ण तारीखें
-
आवेदन शुरू: 7 अक्टूबर 2026
-
आवेदन की अंतिम तारीख: 6 नवंबर 2026
-
कुल ट्रेनिंग स्लॉट: 2008
-
चयन: मेरिट के आधार पर
-
लिखित परीक्षा: नहीं होगी