रेलवे ने बदले डॉग बॉक्स के नियम, अब एक बॉक्स में एक ही कुत्ते की होगी बुकिंग
रेलवे ने ट्रेनों में पालतू कुत्तों के साथ सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम बदलाव किया है। अब ट्रेनों के ब्रेकवैन में बने डॉग बॉक्स में एक समय पर सिर्फ एक ही कुत्ते की बुकिंग और परिवहन की अनुमति होगी। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में 18 अगस्त को आदेश जारी कर सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं।
एक बॉक्स में कई कुत्तों की बुकिंग पर रोक
अब तक एक ही डॉग बॉक्स में दो या उससे अधिक कुत्तों को बुक किया जा सकता था। ऐसे मामलों में कुत्तों को आपस में लड़ने से रोकने के लिए अलग-अलग जंजीरों से बांधकर रखा जाता था। इससे कई बार उनके बीच झगड़े की स्थिति बन जाती थी और चोट लगने के साथ-साथ घुटन जैसी समस्याओं का खतरा भी रहता था।
रेलवे ने यात्रियों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब एक डॉग बॉक्स में केवल एक कुत्ते को रखने का फैसला किया है। किसी दूसरे यात्री के कुत्ते को उसी बॉक्स में साझा तौर पर बुक नहीं किया जाएगा।
बड़े कुत्तों के लिए पहले जैसा रहेगा नियम
ऐसे कुत्ते जिनका आकार डॉग बॉक्स में रखने के अनुकूल नहीं है, उन्हें पहले की तरह कोचिंग टैरिफ के नियमों के तहत विशेष वाहन में बुक कराना होगा। यानी बड़े आकार के कुत्तों के परिवहन की मौजूदा व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सॉफ्टवेयर में भी होगा बदलाव
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (यात्री विपणन) रोहित कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था को लागू करने के लिए CRIS और IRCTC के सॉफ्टवेयर व बुकिंग सिस्टम में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य बुकिंग के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी से बचाना और नई व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करना है।
रेलवे के इस फैसले से पालतू कुत्तों के सुरक्षित परिवहन के साथ-साथ यात्रियों के लिए भी बुकिंग प्रक्रिया अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।