पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव, भारत के लिए क्यों बढ़ी चिंता, राज्यसभा में बोले PM Modi
नई दिल्ली। राज्यसभा में पश्चिम एशिया की स्थिति पर बोलते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi ने मंगलवार को कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर भारत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात भारत के लिए चिंताजनक हैं और कई अहम व्यापार मार्ग प्रभावित हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता के कारण पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक (फर्टिलाइजर) जैसे जरूरी सामानों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इन वस्तुओं की सप्लाई में किसी भी तरह की बाधा भारत की अर्थव्यवस्था और आम लोगों पर असर डाल सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, जिनकी सुरक्षा और आजीविका भारत सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में कुछ भारतीय क्रू मेंबर के फंसे होने की जानकारी भी सामने आई है, जो सरकार के लिए चिंता का विषय है।
प्रधानमंत्री ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय और भारत सरकार लगातार खाड़ी देशों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत का प्रयास है कि संवाद और कूटनीति (डायलॉग और डिप्लोमेसी) के जरिए क्षेत्र में शांति बहाल हो और तनाव कम किया जा सके। भारत सभी संबंधित देशों के साथ बातचीत कर हालात सामान्य बनाने की दिशा में काम कर रहा है।