{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जंतर-मंतर पहुंचे रोमन रेंस? भगत सिंह की तस्वीर और अभिजीत संग वायरल फोटो का जानिए पूरा सच

 

नई दिल्ली। WWE सुपरस्टार और हॉलीवुड अभिनेता रोमन रेंस (Roman Reigns) की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दावा किया जा रहा है कि वह छात्र आंदोलन के समर्थन में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे थे। एक तस्वीर में उनके हाथ में शहीद-ए-आजम भगत सिंह का पोस्टर दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर में उन्हें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके से मुलाकात करते हुए दिखाया गया है।

तस्वीरें वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने दावा किया कि पहली बार किसी विदेशी सेलिब्रिटी ने छात्र आंदोलन का समर्थन किया है। हालांकि, जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया।

क्या है वायरल तस्वीरों का सच?

वायरल तस्वीरों की किसी भी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है। न तो रोमन रेंस ने अपने किसी सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसी तस्वीर साझा की है और न ही CJP की ओर से उनके जंतर-मंतर आने की कोई जानकारी दी गई है।

उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ये तस्वीरें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई प्रतीत होती हैं। इनमें रोमन रेंस को भगत सिंह का पोस्टर पकड़े और CJP संस्थापक अभिजीत दीपके से मुलाकात करते हुए दिखाया गया है। फिलहाल इन तस्वीरों के वास्तविक होने का कोई प्रमाण नहीं है। इसलिए यह दावा भ्रामक और फर्जी है कि रोमन रेंस छात्र आंदोलन के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे थे।

आंदोलन की क्या है स्थिति?

पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जारी छात्र आंदोलन लगातार चर्चा में बना हुआ है। आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने 26वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया है। हालांकि, आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की बताई जा रही है। इस बीच सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर जारी है और समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।