जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को नमन, PM मोदी ने 3,000 करोड़ की 246 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
नई दिल्ली। जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न राज्यों में करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और पीएम-जनमन के तहत स्थापित 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन और मिजोरम में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला रखी गई।
दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसर के प्रेरणा स्थल पर बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। झारखंड के खूंटी जिले में उनकी जन्मस्थली उलिहातू से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी गई। समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण कन्नौज के कार्यक्रम में शामिल हुए।
जनजातीय कार्य मंत्रालय के अनुसार, 1 से 15 नवंबर तक चले जनजातीय गौरव पखवाड़े में 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 25 हजार से अधिक कार्यक्रम हुए, जिनमें 60 लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सांस्कृतिक उत्सवों और प्रदर्शनियों के साथ स्वास्थ्य व पोषण शिविर लगाए गए और वन अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देने के लिए 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था।