{"vars":{"id": "130921:5012"}}

संबित पात्रा का बड़ा आरोप : कांग्रेस विदेशों से चला रही है भारत विरोधी नैरेटिव, X लोकेशन से खुला पूरा खेल

New Delhi :  बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी विदेशों में बैठे समूहों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मिलकर भारत के खिलाफ संगठित नैरेटिव तैयार कर रही है। उन्होंने X प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस नेताओं और अकाउंट्स की विदेशी लोकेशन गतिविधियों का उदाहरण दिया।

 

New Delhi : बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी विदेशों में बैठे समूहों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मिलकर भारत के खिलाफ संगठित नैरेटिव तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने वाली लोकेशन से यह स्पष्ट होता है कि कई कांग्रेस नेताओं और संगठनात्मक अकाउंट्स की गतिविधियाँ भारत से संचालित नहीं हो रहीं।

संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि—

- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का अकाउंट अमेरिका से बेस्ड दिखा,

- महाराष्ट्र कांग्रेस का अकाउंट आयरलैंड से जुड़ा मिला, जिसे बाद में बदला गया,

- हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अकाउंट थाईलैंड से ऑपरेट होता हुआ दिखाई दिया।

उन्होंने कहा कि यह भारत के खिलाफ विदेशों में नैरेटिव सेट करने की “गंभीर और योजनाबद्ध कोशिश” का संकेत है।

2014 के बाद से कांग्रेस और वामपंथी समूहों ने देश को बदनाम किया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी और वामपंथी दलों से जुड़े कई चेहरे 2014 में मोदी सरकार के आने के बाद से ही लगातार भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक छवि खराब करने में लगे हुए हैं।

बीजेपी सांसद ने दावा किया कि कई लेफ्ट और कांग्रेस समर्थक इन्फ्लुएंसर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और साउथ-ईस्ट एशिया से संचालित हो रहे हैं और भारत के खिलाफ दुष्प्रचार फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई विदेशी अकाउंट संवैधानिक संस्थाओं—विशेषकर चुनाव आयोग—को निशाना बना रहे हैं।

संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि विदेशों से संचालित तंत्र तीन प्रमुख नैरेटिव फैलाने में जुटा है—

- वोट चोरी का नैरेटिव

- प्रधानमंत्री को कमजोर दिखाने की कोशिश — ‘ऑपरेशन सिंदूर’

- मोदी और आरएसएस पर लगातार हमले

उनके अनुसार यह देश की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा “संगठित अभियान” है।

पात्रा ने दो विदेशी अकाउंट्स का उदाहरण देते हुए कहा कि—

- यूरोप बेस्ड अकाउंट ने “वोट चोरी” का आरोप लगाया,

- सिंगापुर बेस्ड अकाउंट ने चुनाव आयोग के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किए।

उन्होंने कांग्रेस से इस पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण देने की मांग की है। कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।