{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Saudi Arabia Flights: सऊदी अरब की उड़ानों पर बड़ा अपडेट, 30 नवंबर तक उड़ानें बंद, जानें किस एयरलाइन का क्या फैसला

सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति के बीच Air India, Air India Express, IndiGo और Akasa Air ने कई उड़ानें रद्द या निलंबित कर दी हैं। जानें रियाद, दम्माम, जेद्दा और मदीना की उड़ानें कब तक बंद रहेंगी, प्रभावित यात्रियों को मुफ्त री-बुकिंग और रिफंड के क्या विकल्प मिलेंगे।

 

Saudi Arabia Flights: सऊदी अरब की बदलती सुरक्षा स्थिति के बीच भारत से वहां आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। Air India और Air India Express ने रियाद और दम्माम की उड़ानों का निलंबन 7 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया है, जबकि जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। IndiGo ने भी जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द की हैं। वहीं, Akasa Air ने जेद्दा और रियाद के लिए उड़ानों पर रोक की अवधि बढ़ा दी है। प्रभावित यात्रियों को टिकट दोबारा बुक कराने और रिफंड लेने के विकल्प दिए जा रहे हैं।

Air India की उड़ानें कब तक रहेंगी बंद?

Air India और Air India Express ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा एडवाइजरी जारी कर उड़ानों के निलंबन की जानकारी दी। इसके मुताबिक, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर तक और जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।

एयरलाइंस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले पात्र यात्री अपनी बुकिंग रद्द कर पूरा रिफंड ले सकते हैं। इसके अलावा, उपलब्ध सीटों और निर्धारित शर्तों के आधार पर बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट की तारीख बदलने का विकल्प भी दिया जा रहा है।

Air India यात्रियों को मुफ्त री-बुकिंग की सुविधा

Air India ने प्रभावित यात्रियों को एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट दोबारा बुक कराने की सुविधा दी है। यह सुविधा 24 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए है।

रियाद और दम्माम: जिन यात्रियों की मूल यात्रा की तारीख 7 नवंबर तक है, वे उपलब्धता के आधार पर सऊदी अरब में एयरलाइन के किसी भी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग करा सकते हैं। इस सुविधा के तहत 21 नवंबर 2026 तक की यात्रा की जा सकती है।

जेद्दा: जिन यात्रियों की मूल यात्रा की तारीख 31 अक्टूबर तक है, वे सऊदी अरब में एयरलाइन के किसी भी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग करा सकते हैं। इसके तहत यात्रा की सुविधा 14 नवंबर 2026 तक उपलब्ध होगी।

Air India Express ने बहरीन के रास्ते यात्रा का विकल्प दिया

Air India Express ने प्रभावित यात्रियों के लिए सऊदी अरब के अलावा बहरीन के जरिए भी यात्रा का विकल्प दिया है।

रियाद और दम्माम: 24 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले और 7 नवंबर तक यात्रा करने वाले पात्र यात्री उपलब्धता के आधार पर सऊदी अरब या बहरीन में एयरलाइन के किसी भी चालू स्टेशन से भारत आने-जाने के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग करा सकते हैं। इस विकल्प के तहत 21 नवंबर 2026 तक यात्रा की जा सकती है।

जेद्दा: 24 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले और 31 अक्टूबर तक यात्रा करने वाले पात्र यात्रियों को भी सऊदी अरब या बहरीन में एयरलाइन के किसी चालू स्टेशन से भारत आने-जाने के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग का विकल्प मिलेगा। इसके तहत यात्रा 14 नवंबर 2026 तक की जा सकती है।

एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए अपने बुकिंग कार्यालयों और कॉल सेंटरों पर विशेष टीमों की तैनाती की है।

IndiGo ने 31 अक्टूबर तक रद्द कीं जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें

IndiGo ने सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। सुरक्षित परिचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखा जा रहा है।

इससे पहले एयरलाइन ने रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्माम तथा मदीना की उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। बाद में जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए उड़ानों के निलंबन की अवधि 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई।

Akasa Air ने भी बढ़ाई उड़ानों के निलंबन की अवधि

Akasa Air ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों पर रोक की अवधि बढ़ा दी है। एयरलाइन के अनुसार, जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 10 नवंबर तक और रियाद की उड़ानें 30 नवंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।

ऐसे में सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने और टिकट में बदलाव या रिफंड के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

उमरा यात्रियों की मदद के लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास सक्रिय

उड़ानें रद्द होने से प्रभावित भारतीय नागरिकों, खासकर उमरा यात्रियों की मदद के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सक्रिय है। दूतावास के मुताबिक, जेद्दा और मक्का में नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहे हैं। भारतीय समुदाय के संगठनों और स्वयंसेवकों की मदद से जरूरतमंद यात्रियों को भोजन, जरूरी दवाएं और तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

दूतावास टिकट रिफंड से जुड़े मामलों में भारतीय एयरलाइंस के संपर्क में है। साथ ही, भारतीय उमरा टूर ऑपरेटरों को उन एयरलाइंस से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिनकी भारत के लिए उड़ानें चालू हैं।

प्रभावित यात्रियों से एयरलाइन और ट्रैवल एजेंट के संपर्क में रहने की अपील

वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था सीटों की उपलब्धता, लागू किराये और संबंधित एयरलाइन के नियमों पर निर्भर करेगी। ऐसे में प्रभावित यात्रियों को अपनी एयरलाइन, ट्रैवल एजेंट और उमरा सेवा प्रदाता के संपर्क में बने रहने की सलाह दी गई है, ताकि री-बुकिंग और रिफंड की प्रक्रिया पूरी की जा सके। भारतीय मिशन सऊदी अरब में प्रभावित भारतीय नागरिकों की वापसी में मदद के लिए संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है।