{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जाति पूछकर गोली चलाओ... ये क्या कह गए सम्राट चौधरी? बिहार में सियासत गर्म

 

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटरों को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कुछ लोग एनकाउंटर पर जाति का सवाल उठा रहे हैं, तो पुलिस “जाति पूछकर ही गोली चलाए।” उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

बिहार में पिछले दो-तीन दिनों के दौरान पटना, सीवान, किशनगंज और समस्तीपुर समेत कई जिलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इन घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और आरोप लगा रहा है कि कार्रवाई में जातीय आधार देखा जा रहा है।

इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ लोग आजकल पूछ रहे हैं कि पुलिस एनकाउंटर करती है तो उसमें जाति भी पूछनी चाहिए। मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा कि पूछो... जाति पूछकर ही गोली चलाओ। मतलब क्या कॉमन सेंस लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान सुशासन से होनी चाहिए और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। 

सम्राट चौधरी ने कहा कि मैंने पुलिस से कहा है कि अगर कोई पुलिस को चुनौती देता है तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब दीजिए। ज्यादा देर मत कीजिए। पुलिस सुशासन और सख्ती के लिए होती है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी विपक्षी नेता का नाम नहीं लिया।

दरअसल, दो दिन पहले तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार में हो रहे एनकाउंटरों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि “विशेष जाति देखकर एनकाउंटर कराए जा रहे हैं” और सरकार से जवाब मांगा था।

तेजस्वी यादव ने कहा था कि जिन मामलों का उन्होंने जिक्र किया है, उनमें आरोपियों पर कब कार्रवाई होगी और क्या पीड़ित तथा आरोपी की जाति देखकर न्याय होगा। विपक्ष के इन आरोपों के बीच अब सम्राट चौधरी के बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।