77वें गणतंत्र दिवस पर शुभांशु शुक्ला होंगे अशोक चक्र से सम्मानित, 70 जवानों को मिलेगा वीरता पुरस्कार
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। अशोक चक्र भारत का सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, जो असाधारण साहस और बहादुरी के लिए प्रदान किया जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के कुल 70 जवानों को वीरता पुरस्कार देने की मंजूरी दी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें छह जवानों को मरणोपरांत सम्मान मिलेगा। इसके अलावा 301 अन्य सैन्य कर्मियों को विभिन्न मिलिट्री डिग्रियां भी प्रदान की जाएंगी।
कौन हैं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने पिछले साल जून में Axiom-4 मिशन के तहत 18 दिनों की अंतरिक्ष यात्रा की थी। इसके साथ ही वे अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने। उनसे पहले वर्ष 1984 में राकेश शर्मा ने रूसी सोयूज रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष की यात्रा की थी। करीब 41 साल बाद किसी भारतीय की अंतरिक्ष यात्रा ने देश को फिर से गौरवान्वित किया।
फाइटर पायलट से अंतरिक्ष यात्री तक का सफर
शुभांशु शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय वायुसेना में फाइटर जेट पायलट के रूप में की थी। उन्हें सुखोई-30 एमकेआई, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक, डोर्नियर और एएन-32 जैसे विमानों को उड़ाने का लगभग 2000 घंटे का अनुभव है। उनकी इसी असाधारण सेवा और साहस को देखते हुए उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किया जा रहा है।
मरणोपरांत 6 जवानों को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों के 70 कर्मियों को वीरता पुरस्कार देने की स्वीकृति दी है, जिनमें से छह जवानों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। इस वर्ष एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, एक मरणोपरांत सहित 13 शौर्य चक्र, एक ‘बार टू सेना मेडल’ (वीरता) और 44 सेना मेडल (वीरता) प्रदान किए जाएंगे।
इन तीन जांबाजों को मिलेगा कीर्ति चक्र
-
मेजर अर्शदीप सिंह (1 असम राइफल्स) – कीर्ति चक्र
-
नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा (2 पैरा SF) – कीर्ति चक्र
-
ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालाकृष्णन नायर (भारतीय वायुसेना) – कीर्ति चक्र
13 जवानों को शौर्य चक्र से सम्मान
-
लेफ्टिनेंट कर्नल घाटगे आदित्य श्रीकुमार (21 पैरा SF)
-
मेजर अंशुल बालटु (32 असम राइफल्स)
-
मेजर शिवकांत यादव (5 पैरा SF)
-
मेजर विवेक (44 RR)
-
मेजर लिशंगथेम दीपक सिंह (11 पैरा SF)
-
कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर (6 पैरा SF)
-
सुबेदार पी. एच. मोसेस (1 असम राइफल्स)
-
एल/डीएफआर बलदेव चंद (4 RR) – मरणोपरांत
-
राइफलमैन मंगलेम संग वैफेई (3 असम राइफल्स)
-
राइफलमैन धुरबा ज्योति दत्ता (33 असम राइफल्स)
-
लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के. (भारतीय नौसेना)
-
लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. (भारतीय नौसेना)
-
असिस्टेंट कमांडेंट बिपिन विल्सन (केंद्रीय गृह मंत्रालय)
गणतंत्र दिवस पर दिए जाने वाले ये सम्मान देश के उन वीर सपूतों को समर्पित हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और गौरव के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया है।