{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गुजरात के बनासकांठा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-एसयूवी की जोरदार टक्कर, महिला समेत छह की मौत

 

बनासकांठा। गुजरात के बनासकांठा जिले में शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आबू–पालनपुर राजमार्ग पर इकबालगढ़ गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और एसयूवी की आमने-सामने टक्कर में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना शाम करीब 7 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुजरात से राजस्थान की ओर जा रहा ट्रक विपरीत दिशा से आ रही एसयूवी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

इलाज के लिए पालनपुर जा रहे थे सभी

अमीरगढ़ पुलिस थाने के निरीक्षक पी. डी. गोहिल ने बताया कि राजस्थान के नौ लोग एक मरीज के इलाज के लिए एसयूवी से पालनपुर जा रहे थे। इकबालगढ़ के पास ट्रक से हुई टक्कर में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई।

घायलों का अस्पताल में इलाज

हादसे में एसयूवी सवार एक महिला और दो पुरुष घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।

ट्रक चालक की तलाश में पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।