आखिर सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से क्यों हटाया गया? 20 दिन के अनशन के बाद पुलिस ने ऐसा क्यों किया
Sonam Wangchuk Hunger Strike: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन कर रहे प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर की गई। वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ने की आशंका के बीच उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में भेजा गया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुआ एक्शन
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोनम वांगचुक को जबरन नहीं, बल्कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मेडिकल केयर के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाकर पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया।
नई दिल्ली जिला पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेशों और चिकित्सा विशेषज्ञों की सलाह का पालन करते हुए यह कदम उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने किया विरोध, पुलिस ने बरता संयम
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी। हालांकि, पुलिस ने संयम बनाए रखा और बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के सोनम वांगचुक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
एक दिन पहले हुई थी उच्चस्तरीय बैठक
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई से एक दिन पहले शुक्रवार शाम दिल्ली पुलिस मुख्यालय में नए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नई दिल्ली जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य, प्रदर्शन स्थल की स्थिति और न्यायालय के निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई थी। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें जंतर-मंतर से अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया।
कौन हैं सोनम वांगचुक?
सोनम वांगचुक लद्दाख के प्रसिद्ध इंजीनियर, शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता हैं। उनका जन्म लद्दाख के उलेतोक्पो गांव में हुआ था। उन्होंने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई नवाचार किए हैं।
लोकप्रिय फिल्म '3 इडियट्स' में अभिनेता आमिर खान द्वारा निभाया गया 'फुंसुख वांगड़ू' का किरदार भी व्यापक रूप से सोनम वांगचुक से प्रेरित माना जाता है। लद्दाख में शिक्षा, जल संरक्षण और सतत विकास को लेकर उनके प्रयासों ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
स्वास्थ्य पर बनी हुई है नजर
फिलहाल सोनम वांगचुक का इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। वहीं, उनके समर्थकों और प्रदर्शनकारियों की नजर अब अस्पताल से आने वाले स्वास्थ्य अपडेट और आंदोलन की आगे की रणनीति पर टिकी हुई है।