17वें दिन बिगड़ी सोनम वांगचुक की तबीयत, अखिलेश यादव ने की अनशन खत्म करने की भावुक अपील
लखनऊ: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। अनशन के 17वें दिन उनका वजन 8 किलो से अधिक कम हो गया है। स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनसे अनशन समाप्त करने की भावुक अपील की है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन पूरे विश्व के लिए अनमोल है। उन्होंने लिखा कि मानवता, पर्यावरण और लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है, इसलिए वे अपना आमरण अनशन समाप्त करें।
भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में केंद्र की भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए सोनम वांगचुक अनशन कर रहे हैं, वह असंवेदनशील और सिद्धांतहीन व्यवस्था है, जिसे किसी के त्याग और बलिदान की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा से सदाचार और हृदय परिवर्तन की उम्मीद करना निरर्थक है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए लोगों के जीवन से अधिक धन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अहंकार में डूबी सत्ता सत्याग्रह का महत्व नहीं समझ सकती और युवाओं के भविष्य, लोकतंत्र तथा पर्यावरण की चिंता भी उसे नहीं है।
'संघर्ष जारी रखें, लेकिन जीवन सुरक्षित रखें'
अपने संदेश के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक का मनोबल और नैतिक शक्ति देश के युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष की प्रेरणा बनी रहे। उन्होंने कामना की कि वांगचुक नकारात्मक ताकतों के खिलाफ देशवासियों के लिए हमेशा एक प्रकाश स्तंभ बने रहें और स्वस्थ रहकर अपने अभियान को आगे बढ़ाएं।