जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहने पर सोनम वांगचुक की पत्नी का बड़ा बयान, जानें क्या बोली?
नई दिल्ली। शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी संघर्ष आसान नहीं होता, लेकिन आज के प्रदर्शन ने बच्चों का हौसला और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि जब पुलिस सोनम वांगचुक को अपने साथ ले गई थी, तब कई लोगों को लगा था कि आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा। लेकिन सौरभ, अभिजीत और छात्रों ने इस आंदोलन को जीवित रखा और इसे लगातार मजबूत बनाया। उनका कहना था कि अब यह आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के हर शहर में इसकी गूंज सुनाई देगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहने के सवाल पर गीतांजलि आंग्मो ने स्पष्ट कहा, "हां, प्रदर्शन जारी रहेगा।"
उन्होंने सरकार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि किसी मंत्री के कार्यकाल में कोई गंभीर चूक होती है, तो सम्मानजनक कदम यही होता है कि वह नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से हट जाए। इससे जनता का सरकार पर भरोसा बढ़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था वर्षों से कई चुनौतियों का सामना कर रही है और 75 वर्षों में बनी समस्याओं का समाधान एक दिन में संभव नहीं है। इसलिए सरकार को गंभीरता से इस दिशा में ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने चाहिए।