सोनिया गांधी की किताब 'Belonging' में क्या-क्या? PM मोदी से मुलाकात और बाबरी विध्वंस पर भी खुलासा
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' आज बाजार में उपलब्ध होगी। 544 पन्नों की इस किताब में उन्होंने इटली से भारत तक का सफर, गांधी परिवार, इंदिरा गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राजनीतिक रिश्तों और बाबरी ढांचे के विध्वंस से जुड़े अपने अनुभवों का जिक्र किया है।
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' आज बाजार में उपलब्ध होने जा रही है। 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने इटली से भारत आने, गांधी परिवार का हिस्सा बनने, इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्तों और परिवार से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं का जिक्र किया है। किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके राजनीतिक संबंधों और 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े अनुभव भी शामिल हैं। खास बात यह है कि सोनिया गांधी ने साफ किया है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनके जीवन, परिवार, प्यार और भारत में बिताए छह दशकों के निजी अनुभवों का लेखा-जोखा है।
बिना लॉन्च इवेंट के बाजार में आएगी किताब
सोनिया गांधी की इस बहुचर्चित किताब के लिए किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया है। यह सीधे बाजार में पाठकों के लिए उपलब्ध होगी। किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी के उन पहलुओं को सामने रखा है, जिन्हें उन्होंने दशकों तक सार्वजनिक चर्चा से दूर रखा।
किताब के विमोचन से पहले सोनिया गांधी सोशल मीडिया पर भी अपनी कहानी साझा कर रही हैं। इस दौरान उनके कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह अपने जीवन के अनुभवों के बारे में बता रही हैं।
इसी बीच गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें डाइनिंग टेबल पर इंदिरा गांधी, मेनका गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी नजर आ रहे हैं। वीडियो में राहुल गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी से सवाल करते दिखाई देते हैं।
इटली से दिल्ली तक का सफर, इंदिरा गांधी से रिश्तों का जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में इटली से भारत आने और गांधी परिवार से जुड़ने तक के सफर को भी साझा किया है। इसमें बताया गया है कि वह किस तरह गांधी परिवार का हिस्सा बनीं और भारत आने के बाद इंदिरा गांधी के साथ उनके कैसे संबंध रहे।
किताब में परिवार के साथ हुई बड़ी त्रासदियों और निजी जीवन के कई अनुभवों का भी जिक्र है। इसके अलावा 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़ी बातें भी इसमें शामिल की गई हैं।
PM मोदी के साथ अपने रिश्तों पर क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक रिश्तों पर भी बात की है। उन्होंने लिखा है कि एक दशक से ज्यादा समय तक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहने के बावजूद दोनों के बीच कभी कोई सीधा संपर्क नहीं रहा।
सोनिया गांधी के मुताबिक, उनकी और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकातें ज्यादातर औपचारिक मौकों पर ही होती हैं। इन मुलाकातों में औपचारिक 'नमस्ते' के अलावा दोनों के बीच कोई खास बातचीत नहीं होती।
उन्होंने दोनों की विचारधाराओं और दुनिया को देखने के नजरिये को अलग-अलग बताया है। सोनिया गांधी लिखती हैं कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के अपने विजन के लिए लड़ रहे हैं और वह अपने विजन के लिए संघर्ष कर रही हैं।
सत्ताधारी वर्ग को लेकर PM मोदी की सोच से सहमति
सोनिया गांधी ने किताब में प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक सोच के एक पहलू पर सहमति भी जताई है। उन्होंने लिखा है कि देश के बड़े सत्ताधारी और रसूखदार वर्ग को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की जो असहजता रही है, उसे वह खुद भी समझ सकती हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया है। सोनिया गांधी के मुताबिक, मोदी ने एक बेहद साधारण और पिछड़े परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में कड़ी मेहनत के दम पर सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने का कठिन सफर तय किया है।
बाबरी ढांचे को गिरते देख रो पड़ी थीं सोनिया गांधी, बयान पर विवाद
सोनिया गांधी की किताब सामने आने से पहले ही बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर उनका एक बयान विवाद का विषय बन गया है। कुछ दिन पहले एक ब्रिटिश अखबार को दिए इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने कहा था कि बाबरी ढांचे को गिरते देखकर वह रो पड़ी थीं।
उनके इस बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोनिया गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें 32 साल बाद याद आया कि बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी और इसे देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
वसीम राईन ने सवाल किया कि इतने वर्षों तक सोनिया गांधी कहां थीं? इस बयान के बाद सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन से पहले ही बाबरी मस्जिद से जुड़ा मुद्दा चर्चा में आ गया है।