मालदीव में स्पीडबोट पलटी: रेमंड चेयरमैन Gautam Hari Singhania घायल, दो भारतीयों की तलाश जारी
नई दिल्ली I मालदीव में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई, जिसमें Gautam Hari Singhania घायल हो गए, जबकि दो भारतीय अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना शुक्रवार सुबह मालदीव के वी फेलिधू इलाके के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक स्पीडबोट में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें भारत, ब्रिटेन और रूस के पर्यटक शामिल थे। अचानक समुद्र में बोट पलटने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया था कि हादसा गुरुवार देर रात करीब 11 बजे हुआ था, हालांकि बाद में स्थानीय सूत्रों ने शुक्रवार सुबह घटना होने की पुष्टि की।
एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया
हादसे में Gautam Hari Singhania को मामूली चोटें आईं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें तुरंत बचाकर एयरलिफ्ट के जरिए मुंबई भेजा, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज किया गया। उनके प्रवक्ता के अनुसार अब उनकी हालत स्थिर है और वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।
हादसे में दो भारतीय लापता
इस दुर्घटना में रैली ड्राइवर हरि सिंह समेत एक अन्य भारतीय अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन, कोस्ट गार्ड और रेस्क्यू टीमों द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही लापता लोगों का पता चल सकता है।
11 हजार करोड़ रुपए के करीब नेटवर्थ
Gautam Hari Singhania देश के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। वह Raymond Group के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 11 हजार करोड़ रुपये बताई जाती है। कंपनी कपड़ा, डेनिम, कंज्यूमर केयर, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय है और रेडीमेड गारमेंट्स व हाई क्वालिटी डेनिम के लिए जानी जाती है।
ठाणे से शुरू हुई थी रेमंड की कहानी
Raymond Group की शुरुआत साल 1925 में मुंबई के ठाणे में एक वूलन मिल के रूप में हुई थी, जहां शुरुआत में सेना के लिए यूनिफॉर्म बनाई जाती थी। बाद में सिंघानिया परिवार ने इसे देश-विदेश में फैले बड़े ब्रांड में बदल दिया। Vijaypat Singhania के दौर में कंपनी का तेजी से विस्तार हुआ, वहीं गौतम सिंघानिया ने आधुनिक तकनीक और नए डिजाइन के साथ इसे आगे बढ़ाया।
लग्जरी कारों के शौकीन हैं सिंघानिया
गौतम सिंघानिया अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और कारों के शौक के लिए भी जाने जाते हैं। उनके कलेक्शन में टेस्ला, लेम्बोर्गिनी, फेरारी और ऑडी जैसी कई महंगी कारें शामिल हैं। फिलहाल इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुरक्षित माने जाने वाले टूरिस्ट स्पॉट पर ऐसा हादसा कैसे हुआ और क्या सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही हुई।