{"vars":{"id": "130921:5012"}}

तमिलनाडु में छात्रों को मिलेंगे मुफ्त लैपटॉप, विजय सरकार ने 'वेट्री लैपटॉप योजना' के लिए आवंटित किए 2,000 करोड़ रुपये
 

 

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कॉलेज के छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य की तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) सरकार ने 'वेट्री लैपटॉप योजना' लागू करने का आदेश जारी किया है। इस योजना के तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे। सरकार ने योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

शनिवार, 7 नवंबर को राज्य सरकार ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में घोषित इस योजना को लागू करने के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति भी गठित की जाएगी।

 इन छात्रों को मिलेगा मुफ्त लैपटॉप

सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में स्नातक तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के प्रथम और द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत छात्रों को योजना का लाभ मिलेगा।

इसके अंतर्गत कला, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पशु चिकित्सा विज्ञान, कृषि, मत्स्य पालन और कानून जैसे पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा पॉलिटेक्निक और आईटीआई में पढ़ने वाले पात्र छात्रों को भी मुफ्त लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे।

पिछले साल योजना से वंचित छात्रों को भी मिलेगा लाभ

विजय सरकार ने उन विद्यार्थियों को भी राहत देने का फैसला किया है, जिन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान मुफ्त लैपटॉप योजना का लाभ नहीं मिल पाया था। सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के तीसरे और चौथे वर्ष में पढ़ रहे ऐसे विद्यार्थियों को भी नई योजना में शामिल किया गया है।

इंजीनियरिंग छात्रों को मिलेंगे Intel Core i5 प्रोसेसर वाले लैपटॉप

इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। इन छात्रों को Intel Core i5 प्रोसेसर या उसके समकक्ष क्षमता वाले लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे पढ़ाई के साथ तकनीकी प्रशिक्षण और प्रोजेक्ट से जुड़े कार्य आसानी से कर सकें।

लैपटॉप की खरीद और आपूर्ति की जिम्मेदारी राज्य सरकार की कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ तमिलनाडु (ELCOT) को सौंपी गई है। कंपनी को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप लैपटॉप खरीदने के लिए प्रशासनिक मंजूरी भी प्रदान कर दी गई है।

डिजिटल शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार का लक्ष्य

तमिलनाडु सरकार का कहना है कि आज के डिजिटल युग में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपकरण बन चुका है। इस योजना का उद्देश्य छात्रों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना, ऑनलाइन शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान बनाना और उन्हें भविष्य के रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।

सरकार को उम्मीद है कि विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को इस पहल से लाभ मिलेगा। मुफ्त लैपटॉप मिलने से छात्र डिजिटल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और तकनीक आधारित शिक्षा में अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगे।