{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, शपथ के बाद मिले ये तीन अहम विभाग

 
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक नया इतिहास दर्ज हो गया, जब सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने का गौरव हासिल किया। शनिवार शाम मुंबई के लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सुनेत्रा पवार को विभागीय जिम्मेदारियां भी सौंप दी गईं।

सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण तथा अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, योजना एवं वित्त विभाग, जो पहले दिवंगत अजित पवार के पास थे, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अधीन रहेंगे। वित्त मंत्रालय भी मुख्यमंत्री ने अपने पास ही रखा है।

भावुक माहौल में हुआ शपथ ग्रहण

सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के विधान भवन में आयोजित हुआ, जहां माहौल बेहद भावुक नजर आया। बड़ी संख्या में मौजूद एनसीपी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से सभागार को गुंजा दिया। कई नेताओं की आंखें नम दिखीं, जबकि सुनेत्रा पवार ने पूरे संयम और गरिमा के साथ शपथ ली।

यह पद पहले उनके पति और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार के पास था, जिनका 28 जनवरी को बारामती में एक भीषण विमान दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। उनकी अचानक हुई इस त्रासदीपूर्ण मृत्यु से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

नई जिम्मेदारी, नई चुनौती

शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और सुनेत्रा पवार के नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। माना जा रहा है कि अनुभवी नेतृत्व की विरासत और सामाजिक कार्यों के अनुभव के साथ सुनेत्रा पवार राज्य की राजनीति में एक सशक्त भूमिका निभाएंगी।

महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका यह कार्यकाल न सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, बल्कि महिला नेतृत्व के लिहाज से भी इसे एक बड़ा मील का पत्थर बताया जा रहा है।