{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सुपरस्टार विजय अब बनेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री? CPM/CPI और VCK समर्थन के बाद सरकार गठन लगभग तय

तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय के मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो गई है। सूत्रों के मुताबिक CPM, CPI और VCK ने सरकार गठन के लिए समर्थन देने पर सहमति जताई है। TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और अब बहुमत के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।

 

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ होता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार CPM, CPI और VCK ने उनकी पार्टी TVK को समर्थन देने पर सहमति जता दी है। अगर यह समर्थन आधिकारिक रूप से मिल जाता है, तो तमिलनाडु में TVK की सरकार बनना तय माना जा रहा है।

सबसे बड़ी पार्टी बनी TVK, लेकिन बहुमत से रह गई दूर

234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती हैं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, ऐसे में उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इसके बाद पार्टी के विधायकों की संख्या 107 रह जाएगी।

विधानसभा में कुल प्रभावी सदस्य संख्या 233 होने के बावजूद बहुमत का आंकड़ा 118 ही रहेगा। यानी सरकार बनाने के लिए TVK को 11 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत थी।

कांग्रेस के बाद अब लेफ्ट पार्टियों का साथ

सूत्रों के मुताबिक TVK को पहले ही कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिल चुका है। इसके बाद अब CPM, CPI और VCK ने भी समर्थन देने का फैसला कर लिया है। तीनों पार्टियों ने चुनाव में 2-2 सीटें जीती हैं। ऐसे में कुल 6 विधायकों का समर्थन TVK को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचा देगा। बताया जा रहा है कि CPI की बैठक खत्म हो चुकी है और पार्टी ने अपने दोनों विधायकों के समर्थन की चिट्ठी TVK नेता सीटीआर निर्मल कुमार को सौंप दी है।

DMK और AIADMK विपक्ष में बैठ सकती हैं

अगर समर्थन का यह गणित पूरी तरह सफल रहता है, तो 59 सीटें जीतने वाली एम. के. स्टालिन की DMK और 47 सीटों वाली AIADMK विपक्ष में बैठने को मजबूर हो सकती हैं।

तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव बेहद बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद राज्य में पारंपरिक द्रविड़ दलों से अलग किसी नई पार्टी की सरकार बनने की स्थिति बन रही है।

आधिकारिक ऐलान पर टिकी निगाहें

सूत्रों के अनुसार CPM, CPI और VCK की बैठकें अभी भी जारी हैं और जल्द ही औपचारिक घोषणा की जा सकती है। राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है कि विजय जल्द ही सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं।

तमिलनाडु में चुनाव नतीजों के बाद शुरू हुआ सियासी सस्पेंस अब धीरे-धीरे खत्म होता दिख रहा है और विजय की अगुवाई में नई सरकार बनने की तस्वीर लगभग साफ नजर आ रही है।