{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली किशोरी ने मांगी माफी, बोली- 'बहकावे में आकर कर दी...

 

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में चर्चा में आई 15 वर्षीय किशोरी ने अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उसने हाथ जोड़कर पूरे देश से क्षमा याचना करते हुए कहा कि वह दूसरों के प्रभाव में आ गई थी और अपने किए पर शर्मिंदा है।

'दोस्तों के साथ गई थी, बहकावे में आ गई'

वीडियो में किशोरी ने दावा किया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहां से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में पहुंची, जहां लोगों को प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाते देख वह भी उनके साथ नारे लगाने लगी। उसने कहा कि उस समय उसे अपने कृत्य की गंभीरता का एहसास नहीं था।


'यह मेरी पहली और आखिरी गलती है'

किशोरी ने कहा कि उससे बड़ी भूल हो गई और वह अपने व्यवहार के लिए बेहद शर्मिंदा है। उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए पूरे देश से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही।


प्रधानमंत्री ने भी सुधार का अवसर देने की कही थी बात

यह माफीनामा उस वीडियो संदेश के कुछ घंटों बाद सामने आया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शन के दौरान अपने और अपनी दिवंगत मां के खिलाफ लगाए गए कथित अपमानजनक नारों पर दुख जताया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने और खुद को सुधारने का अवसर मिलना चाहिए।


नोएडा में एफआईआर, जांच दिल्ली पुलिस को सौंपी गई

29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा प्रभावित हुई।

हालांकि घटना दिल्ली के जंतर-मंतर की होने के कारण नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच दिल्ली पुलिस को सौंप दी। पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता स्मृति सिंह की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस ने सोसाइटी में की पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपनी मां के साथ नोएडा के सेक्टर-168 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी में रहती है। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के बाद वह अपने फ्लैट पर वापस नहीं लौटी। पुलिस ने सोसाइटी पहुंचकर सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की है।


आयोजकों ने दर्ज मुकदमे पर जताई आपत्ति

प्रदर्शन का आयोजन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने युवती के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के मुख्य न्यायिक समिति के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है, लेकिन ऐसे मामलों में सीधे आपराधिक मुकदमा दर्ज करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है तो मानहानि जैसे कानूनी विकल्प उपलब्ध हैं।