देश को मिला नया CDS, एन एस राजा सुब्रमणि के हाथ में होगी तीनों सेनाओं की जिम्मेदारी
नई दिल्ली: भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे कार्यभार संभालने की तिथि से ही सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) के सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।
वे मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि वर्तमान में 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले उन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक थल सेना के उप-प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के रूप में सेवा दी। मार्च 2023 से जून 2024 तक वे मध्य कमान (Central Command) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रहे।
उनकी नियुक्ति को सशस्त्र बलों में उच्चतर समन्वय और एकीकृत युद्ध क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। CDS का पद सशस्त्र बलों के बीच बेहतर समन्वय, रक्षा आधुनिकीकरण और रक्षा नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।
सरकार द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि नई CDS कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इन पदों पर बने रहेंगे।