{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नौकरी लगने पर सरकार देगी ₹​​​​​​​15 हजार, जानें कौन उठा सकता है PM-VBRY योजना का लाभ
 

 

देश के युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ने और नई नौकरियां पैदा करने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) पर तेजी से काम चल रहा है। 1 अगस्त 2025 से शुरू हुई इस योजना के लिए सरकार ने 99,446 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। योजना 31 जुलाई 2027 तक लागू रहेगी और इसका लक्ष्य 3.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार से जोड़ना है। इनमें करीब 1.92 करोड़ ऐसे युवा शामिल हैं, जो पहली बार नौकरी शुरू करेंगे।

पहली नौकरी पर मिलेंगे 15 हजार रुपये

PM-VBRY के तहत पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। जिन युवाओं का मासिक वेतन 1 लाख रुपये तक है, वे इस लाभ के पात्र होंगे। उन्हें एक महीने के EPF वेतन के बराबर इंसेंटिव मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 15,000 रुपये है।

यह रकम दो किस्तों में दी जाएगी। पहली किस्त 6 महीने की नौकरी पूरी होने के बाद मिलेगी, जबकि दूसरी किस्त 12 महीने की नौकरी पूरी करने और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद दी जाएगी।

कंपनियों को भी मिलेगा हर नए कर्मचारी पर फायदा

सरकार ने इस योजना में नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया है। अगर कोई कंपनी 1 लाख रुपये तक के वेतन वाले नए कर्मचारी को कम से कम 6 महीने तक नौकरी पर रखती है, तो उसे प्रति कर्मचारी हर महीने 3,000 रुपये तक का इंसेंटिव मिल सकता है। यह सहायता सामान्य तौर पर दो साल तक दी जाएगी।

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार बढ़ाने के लिए कंपनियों को अतिरिक्त लाभ दिया गया है। इस क्षेत्र में नियोक्ताओं के लिए इंसेंटिव को तीसरे और चौथे साल तक भी बढ़ाया गया है।

72 लाख से ज्यादा कर्मचारी जुड़े

सरकार के अनुसार, योजना के पहले साल में 72 लाख से अधिक नए कर्मचारी औपचारिक क्षेत्र से जुड़े हैं। इनमें करीब 30 फीसदी महिलाएं हैं। वहीं, 15 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को सीधे योजना का लाभ मिला है।

पूरी प्रक्रिया को डिजिटल रखा गया है। EPFO और UMANG ऐप के जरिए वेरिफिकेशन किया जाता है और पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली राशि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।

ऐसे करें PM-VBRY के लिए आवेदन

PM-VBRY की आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है। नियोक्ताओं को आधिकारिक PM-VBRY पोर्टल पर जाकर अपने EPFO क्रेडेंशियल्स से लॉगिन करना होगा। इसके बाद PAN से लिंक बैंक खाते की जानकारी अपडेट करनी होगी।

वहीं, पहली बार नौकरी शुरू करने वाले युवाओं को UMANG ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से अपना UAN जनरेट करना होगा। इसके बाद नियोक्ता पोर्टल पर पात्र कर्मचारियों की जानकारी जमा करेगा।

कर्मचारी के 6 महीने की लगातार नौकरी पूरी होने के बाद पात्र होने पर पहली किस्त उसके आधार-लिंक्ड बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाएगी।