{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बच्चों की मोबाइल लत पर सरकार का बड़ा प्लान, हर स्मार्टफोन में अनिवार्य हो सकता है माइनर मोड
 

 

नई दिल्ली। बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत और ऑनलाइन खतरों को देखते हुए केंद्र सरकार स्मार्टफोन कंपनियों पर बड़ी पाबंदी लगाने की तैयारी कर रही है। सरकार भारत में बिकने वाले नए स्मार्टफोन में डिवाइस स्तर पर ही बच्चों की सुरक्षा से जुड़े फीचर अनिवार्य करने पर विचार कर रही है।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सभी नए मोबाइल फोन में अलग से ‘माइनर मोड’ दिया जा सकता है। इस मोड के जरिए माता-पिता बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर कई तरह के नियंत्रण रख सकेंगे।

माइनर मोड में एप डाउनलोड पर रोक लगाने, रोजाना स्क्रीन टाइम तय करने और देर रात फोन या सोशल मीडिया के इस्तेमाल को बंद करने जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा हानिकारक सामग्री को फिल्टर करने और बच्चे की उम्र के हिसाब से एप तक पहुंच नियंत्रित करने की सुविधा भी दी जा सकती है।

सरकार का उद्देश्य है कि मोबाइल कंपनियां और एप डेवलपर फोन डिजाइन करते समय ही बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े फीचर शामिल करें। इससे अभिभावकों को बाद में अलग से सेटिंग या किसी अन्य ऐप की मदद लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित माइनर मोड में पढ़ाई से जुड़े एप और आपातकालीन संपर्क जैसी जरूरी सुविधाएं बंद नहीं की जाएंगी।