{"vars":{"id": "130921:5012"}}

6 मिनट में आसमान तक पहुंचा तिरंगा...आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में फहराया उत्तर प्रदेश का सबसे ऊंचा झंडा

 

रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। यूनिवर्सिटी परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सबसे ऊंचे 220 फीट के राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

समारोह के मुख्य अतिथि और यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने रिमोट का बटन दबाकर मोटर प्रणाली से संचालित विशाल राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। करीब 220 फीट की ऊंचाई तक तिरंगे को पहुंचने में लगभग छह मिनट का समय लगा। जैसे ही तिरंगा आसमान की ऊंचाइयों पर लहराया, पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के बाद यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान विद्यार्थियों में देश के प्रति सम्मान और गर्व साफ नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित 220 फीट ऊंचे इस राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना वर्ष 2016 में यूनिवर्सिटी के संस्थापक और चांसलर मोहम्मद आजम खान ने कराई थी।

उन्होंने कहा कि 220 फीट ऊंचा यह राष्ट्रीय ध्वज पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं के साथ प्राध्यापक, प्रशासनिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।