{"vars":{"id": "130921:5012"}}

WhatsApp पर आया शादी का कार्ड, क्लिक करते ही लगा लाखों का चूना, ऐसे फंसाया जाल में

 
ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और साइबर अपराधी अब लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला Bengaluru से सामने आया है, जहां एक कारोबारी को WhatsApp पर आया शादी का निमंत्रण भारी पड़ गया। एक APK फाइल डाउनलोड करते ही उनके बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपये निकाल लिए गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 42 वर्षीय कारोबारी नूर नाहिद खान को WhatsApp पर शादी का एक निमंत्रण संदेश मिला था। मैसेज में समारोह की पूरी जानकारी देखने के लिए एक फाइल डाउनलोड करने को कहा गया था। संदेश बिल्कुल असली वेडिंग कार्ड जैसा लग रहा था, इसलिए उन्हें किसी तरह का शक नहीं हुआ।

APK फाइल डाउनलोड करते ही शुरू हुई ठगी

संदेश के साथ भेजी गई फाइल एक APK फाइल थी। APK फाइल Android फोन में ऐप इंस्टॉल करने के लिए इस्तेमाल होती है। कारोबारी ने फाइल डाउनलोड कर ली और ऐप को जरूरी परमिशन भी दे दी।

पुलिस के अनुसार, इसी के जरिए साइबर ठगों ने मोबाइल फोन की संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बना ली। इसमें बैंकिंग ऐप्स, UPI ऐप्स, कैमरा और दूसरे निजी डेटा शामिल थे।

कुछ मिनटों में खाते से गायब हुए लाखों रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक सुबह 4:45 बजे से 4:54 बजे के बीच पीड़ित के खाते से कई UPI ट्रांजैक्शन किए गए। देखते ही देखते करीब 5,00,440 रुपये बैंक खाते से निकल गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कारोबारी को तब तक ठगी का पता नहीं चला, जब तक बैंक से पैसे कटने के मैसेज नहीं आने लगे।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। बताया जा रहा है कि इसी तरह के शादी वाले मैसेज और APK फाइलें शहर के कई अन्य लोगों को भी भेजी गई थीं।

ऐसे स्कैम से कैसे बचें?

साइबर एक्सपर्ट्स लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

WhatsApp या किसी भी मैसेजिंग ऐप पर आई APK फाइल डाउनलोड न करें।
अनजान नंबर से आए लिंक या फाइल पर क्लिक करने से बचें।
Google Play Store के बाहर से ऐप इंस्टॉल करना जोखिम भरा हो सकता है।
किसी भी ऐप को बैंकिंग या फोन एक्सेस की परमिशन देने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें।
बैंक खाते में संदिग्ध ट्रांजैक्शन दिखते ही तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी ही ऐसे बड़े ऑनलाइन फ्रॉड से बचा सकती है।