PM मोदी के साथ संसद में हो सकती थी अप्रत्याशित घटना, स्पीकर ओम बिरला का बड़ा बयान
नई दिल्ली I लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक जवाबी भाषण नहीं हो पाना अब जोरदार सियासी विवाद का विषय बन गया है। यह घटना संसद के बजट सत्र 2026 के दौरान हुई, जहां भारी हंगामे और विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण धन्यवाद प्रस्ताव बिना पीएम के भाषण के ही पारित कर दिया गया।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए खुलासा किया कि कल सदन में हालात बिगड़ने के कारण उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से सदन में न आने का आग्रह किया था। स्पीकर ने कहा, "देश ने देखा कि कल क्या हुआ। महिला सांसद वहां पहुंच गई थीं, हालात को देखते हुए मैंने पीएम से ना आने का आग्रह किया, क्योंकि पीएम के साथ अप्रत्याशित घटना हो सकती थी।" उन्होंने कांग्रेस सांसदों की ओर इशारा करते हुए चेतावनी दी कि पोस्टर लेकर सदन में आने पर कार्यवाही नहीं चलाई जाएगी।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और अभिनेत्री से सांसद बनी कंगना रनौत ने भी इस घटना को लेकर विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मनोज तिवारी ने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री पर हमले की साजिश रची गई थी, जबकि कंगना रनौत ने कांग्रेस पर पीएम मोदी पर हमला करने की योजना बनाने का आरोप लगाया। दोनों ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया और कहा कि विपक्ष संसद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है।
यह पहला मौका है जब हाल के इतिहास में धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम का जवाब नहीं हो सका। हंगामे के बीच स्पीकर ने विपक्ष के संशोधनों को अस्वीकार कर ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी संसद परिसर में मौजूद थे, लेकिन स्पीकर के फैसले के कारण सदन में नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, पीएम अब राज्यसभा में इस मुद्दे पर जवाब दे सकते हैं, जहां चर्चा बिना रुकावट के पूरी हुई।