{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुझे पटाने के लिए महिलाओं को भेजते हैं..., BJP विधायक प्रीतम लोधी का विवादित बयान
 

 

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। खनियांधाना में आयोजित पाल-बघेल समाज के आक्रोश आंदोलन के दौरान विधायक ने अपने विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, 20 अगस्त को खनियांधाना में अहिल्याबाई देवी की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में पाल-बघेल समाज की ओर से आक्रोश आंदोलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रीतम लोधी ने दावा किया कि उनके राजनीतिक विरोधी उन्हें फंसाने की साजिश कर रहे हैं।

विधायक ने मंच से कहा कि पिछोर के डाक बंगले में उनके विरोधी महिलाओं को उन्हें ‘पटाने’ के लिए भेजते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के जरिए उनसे जबरन बातचीत कराने की कोशिश की जाती है और इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा वीडियो भी बनाया जाता है।

‘376 में फंसाने की कोशिश’

प्रीतम लोधी ने अपने विरोधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की साजिश का उद्देश्य उन्हें किसी मामले में फंसाना है। उन्होंने दावा किया कि उनके विरोधी उन पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराकर उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

विधायक के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।

पहले भी विवादों में रहे हैं प्रीतम लोधी

प्रीतम लोधी इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। पुलिस अधिकारियों को लेकर दिए गए उनके बयान के बाद बीजेपी को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा उन्होंने कुख्यात डकैत रामबाबू से अपनी दोस्ती का जिक्र कर भी विवाद खड़ा कर दिया था। बाद में उन्होंने उस मामले में माफी मांगी थी।