{"vars":{"id": "130921:5012"}}

 ‘ये लोकतंत्र बचाने की लड़ाई’...AAP में टूट के बाद बंगाल में केजरीवाल की पहली सभा, उतरे ममता बनर्जी के समर्थन में

 
अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। पार्टी में टूट के बाद पहली जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि “देश और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश बंगाल की लड़ाई देख रहा है।

‘क्या बंगाल में आतंकवादी रहते हैं?’

केजरीवाल ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में भारी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा, “बीजेपी ने पूरी आर्मी और केंद्रीय बल भेज दिए हैं। क्या बंगाल में आतंकवादी रहते हैं? आप लोग भी भारतीय हैं।”

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम सूची से हटाए गए हैं।

उन्होंने कहा, “27 लाख लोगों के वोट काट दिए गए। कई देशों की आबादी इससे कम होती है। मां-बाप का वोट है, लेकिन बेटे का वोट काट दिया गया। यह लोकतंत्र के खिलाफ साजिश है।”

केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि जिन लोगों के वोट कटे हैं, वे घर-घर जाकर ममता बनर्जी के लिए प्रचार करें।

‘देशभर से फर्जी वोटर लाए जा रहे’

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों को लाकर फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि वह पहली बार बंगाल आए हैं और इस संघर्ष में खुद को शामिल महसूस कर रहे हैं।

‘दीदी के साथ काली मां का आशीर्वाद’

सभा में केजरीवाल ने कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ सभी लोग एकजुट हो गए हैं, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव जीतेंगी। उन्होंने कहा, “उनके साथ मां काली का आशीर्वाद है।”

दिल्ली सरकार का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में केजरीवाल ने दिल्ली की राजनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ फर्जी केस बनाए गए और उन्हें जेल भेजा गया।

उन्होंने दावा किया कि अदालत ने आरोपों को गलत बताया है और अब दिल्ली की मुफ्त बिजली योजना को बंद करने की कोशिश की जा रही है। अंत में उन्होंने कहा, “हम सब लोग दीदी के साथ हैं।”