भारत में डॉक्टर बनने के लिए पास करनी होगी यह परीक्षा, 28 जून को एग्जाम, जानें सिलेबस
भारत में मेडिकल शिक्षा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। हर साल लाखों छात्र MBBS में दाखिला पाने के लिए NEET परीक्षा देते हैं, लेकिन देश में मेडिकल सीटों की सीमित संख्या के कारण हजारों छात्र विदेशों से MBBS की पढ़ाई करने का विकल्प चुनते हैं। हालांकि, विदेश से मेडिकल डिग्री हासिल करने वाले छात्रों को भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए एक विशेष लाइसेंसिंग परीक्षा पास करनी होती है। इस परीक्षा को फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) कहा जाता है।
इस वर्ष FMGE परीक्षा 28 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के बीच इसके पैटर्न और सिलेबस को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
कैसा होता है FMGE परीक्षा का पैटर्न?
FMGE परीक्षा में कुल 300 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाते हैं। प्रत्येक प्रश्न के लिए चार विकल्प दिए जाते हैं, जिनमें से सही उत्तर का चयन करना होता है। परीक्षा को दो भागों में विभाजित किया गया है और दोनों भाग एक ही दिन आयोजित किए जाते हैं।
परीक्षा की कुल अवधि 5 घंटे होती है। प्रत्येक सेक्शन के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित है। पहले सेक्शन में 150 प्रश्न सुबह की पाली में और दूसरे सेक्शन में 150 प्रश्न दोपहर की पाली में पूछे जाते हैं। इस परीक्षा में सबसे बड़ी राहत यह है कि इसमें किसी भी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होती। परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए अभ्यर्थियों को 300 में से कम से कम 150 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
FMGE का सिलेबस
FMGE परीक्षा दो प्रमुख भागों में विभाजित होती है। पहला भाग प्री और पैरा-क्लीनिकल विषयों का होता है, जबकि दूसरा भाग क्लीनिकल विषयों पर आधारित होता है।
पहला सेक्शन: प्री और पैरा-क्लीनिकल विषय (100 अंक)
- एनाटॉमी – 17 अंक
- फिजियोलॉजी – 17 अंक
- बायोकेमिस्ट्री – 17 अंक
- पैथोलॉजी – 13 अंक
- माइक्रोबायोलॉजी – 13 अंक
- फार्माकोलॉजी – 13 अंक
- फोरेंसिक मेडिसिन – 10 अंक
दूसरा सेक्शन: क्लीनिकल विषय (200 अंक)
मेडिसिन और संबंधित विषय – 48 अंक
* मेडिसिन – 33 अंक
* साइकियाट्री – 5 अंक
* डर्मेटोलॉजी एवं एसटीडी – 5 अंक
* रेडियोथेरेपी – 5 अंक
जनरल सर्जरी और संबंधित विषय – 47 अंक
- जनरल सर्जरी – 32 अंक
- एनेस्थिसियोलॉजी – 5 अंक
- ऑर्थोपेडिक्स – 5 अंक
- रेडियोडायग्नोसिस – 5 अंक
- पीडियाट्रिक्स – 15 अंक
- ऑप्थल्मोलॉजी – 15 अंक
- ईएनटी – 15 अंक
ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी – 30 अंक
- कम्युनिटी मेडिसिन – 30 अंक
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) द्वारा जारी सूचना बुलेटिन के अनुसार, इसी ब्लूप्रिंट के आधार पर FMGE परीक्षा में प्रश्न पूछे जाते हैं। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए सिलेबस और विषयवार वेटेज को समझना बेहतर तैयारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।