{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा: सड़क किनारे मूंग सुखा रहे एक ही परिवार के चार लोगों को SUV ने कुचला, मौत

 

जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर तेज रफ्तार SUV ने सड़क किनारे मूंग की फसल सुखा रहे एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो बहुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा फागी से करीब तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर शाम करीब 7:30 बजे हुआ। फागी के धामुनियों का मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय सत्यनारायण कुम्हार अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल सड़क किनारे सुखा रहे थे। उनकी पत्नी मनमौज और दोनों बहुएं अमृता और शिमला भी फसल सुखाने में उनकी मदद कर रही थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंची और चारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे में सत्यनारायण, उनकी पत्नी मनमौज और दोनों बहुओं अमृता व शिमला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सत्यनारायण (60), उनकी पत्नी मनमौज (55), बहू अमृता (30), पत्नी बद्री और बहू शिमला (25), पत्नी सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को फागी उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। मृतका अमृता के पीछे 15 साल की बेटी प्रियंका और 13 साल का बेटा हिमांशु हैं। बताया जा रहा है कि परिवार पहले भी सड़क हादसे का दर्द झेल चुका है। कई साल पहले सड़क दुर्घटना में उनके पांच साल के एक बेटे की भी मौत हो गई थी।

मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम

चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण फागी उप-जिला अस्पताल के बाहर जमा हो गए। ग्रामीणों में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश दिखाई दिया। लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए।

जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने की ग्रामीणों से बातचीत

पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अनिल डोरिया और थाना प्रभारी (SHO) पुष्पेंद्र बंसीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

इसके बाद रात करीब 10 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शिवलाल बैरवा और उपखंड अधिकारी (SDO) बलबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार के लोगों से बातचीत की। काफी समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।