{"vars":{"id": "130921:5012"}}

G7 समिट में ट्रंप ने की PM मोदी की खुलकर तारीफ, बोले- 'Calm, Cool and Total Killer'

 

फ्रांस। जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और अमेरिका के रिश्तों पर एक बार फिर दुनिया की नजरें टिक गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। खास बात यह है कि दोनों नेताओं की यह आमने-सामने की मुलाकात करीब 16 महीने बाद होने जा रही है।

बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 सम्मेलन के कार्यकारी लंच के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को “Calm, Cool and Total Killer” बताते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की।

ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक शांत, संयमित और बेहद प्रभावशाली नेता हैं। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी का व्यक्तित्व बेहद मजबूत है। वह शांत रहते हैं, लेकिन निर्णय लेने में बेहद प्रभावी हैं। मैं उनके जैसा नहीं हूं।”

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देशों के संबंध कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं।
16 महीने बाद होगी अहम मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच होने वाली यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों नेता भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में रक्षा सहयोग, व्यापारिक संबंध, निवेश, तकनीकी साझेदारी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रह सकते हैं। इसके अलावा वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को लेकर भी बातचीत होने की संभावना है।

दुनिया की नजरें बैठक पर

जी-7 सम्मेलन के इतर होने वाली इस मुलाकात पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजरें टिकी हुई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़ता सहयोग आने वाले समय में वैश्विक राजनीति और आर्थिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

अब सभी की निगाहें मोदी-ट्रंप बैठक पर हैं, जहां दोनों देशों के शीर्ष नेता कई अहम मुद्दों पर भविष्य की रणनीति तय कर सकते हैं।