ट्विशा डेथ केस में बड़ा फैसला: पूर्व जज गिरिबाला सिंह और बेटे समर्थ सिंह 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए
Bhopal : बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण में भोपाल की जिला अदालत ने मंगलवार (2 जून) को पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यह आदेश सेशन जज शोभना भालवी की अदालत ने दिया।
इससे पहले अदालत ने 29 मई को दोनों आरोपियों को पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा था, जिसकी अवधि 2 जून को समाप्त हो रही थी।
27 मई को हुई थी गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी
मामले की जांच कर रही CBI ने 27 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास पर सात घंटे से अधिक पूछताछ के बाद गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले उनकी अंतरिम जमानत याचिका को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया था।
समर्थ सिंह पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार
समर्थ सिंह को 12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत के बाद लगभग एक सप्ताह तक फरार रहने के पश्चात 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। 23 मई को उन्हें भोपाल की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया था।
बाद में सीबीआई ने आगे की पूछताछ और जांच के लिए उनकी रिमांड मांगी थी।
सीबीआई ने किया क्राइम सीन रीक्रिएशन
रिमांड अवधि के दौरान सीबीआई टीम समर्थ सिंह को कथित घटनास्थल कटारा हिल्स स्थित घर लेकर गई। वहां विस्तृत फोरेंसिक जांच, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई। जांच एजेंसी ने 12 मई की रात की घटनाओं को समझने के लिए घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (सीन रीक्रिएशन) भी किया।
दहेज उत्पीड़न के आरोपों की जांच जारी
मृतका ट्विशा शर्मा कथित तौर पर अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। घटना के बाद उनके परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।