कांग्रेस पर फूटा उदयनिधि स्टालिन का गुस्सा, बोले- एहसान भूल गई पार्टी
Chennai : तमिलनाडु की राजनीति में गठबंधन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसने द्रविड़ मुनेत्र कषगम के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तमिलगा वेत्री कझगम की अल्पमत सरकार का समर्थन कर गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया।
“DMK के दम पर जीती कांग्रेस”
एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस के विधायक DMK कार्यकर्ताओं की मेहनत और एमके स्टालिन की लोकप्रियता की वजह से चुनाव जीत सके। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को वोट इसलिए दिया क्योंकि वे एमके स्टालिन को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती थी।
उदयनिधि ने कहा कि DMK कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से कांग्रेस के पांच विधायक जीत पाए। लेकिन कुछ पदों के लिए कांग्रेस ने हमें बिना बताए गठबंधन छोड़ दिया। ऐसे लोगों पर दोबारा भरोसा नहीं किया जा सकता, जिनमें बुनियादी आभार और शालीनता नहीं है।
“देश में BJP की मजबूती के लिए कांग्रेस जिम्मेदार”
उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस को देशभर में भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती ताकत के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह BJP की जीत की मुख्य वजह हैं, लेकिन अब उन्हें महसूस होता है कि कांग्रेस की राजनीति ने ही भाजपा को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता एमके स्टालिन ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपने कंधों पर उठाया, लेकिन कांग्रेस ने उसका सम्मान नहीं किया।
DMK बैठक में कांग्रेस के खिलाफ प्रस्ताव
DMK की बैठक में कांग्रेस के खिलाफ कई तीखे प्रस्ताव भी पारित किए गए। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस पर सहयोगियों की मेहनत का फायदा उठाने का आरोप लगाया। बैठक में कांग्रेस को “पीठ में छुरा घोंपने वाला” तक बताया गया।
उदयनिधि स्टालिन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के बीच राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने खासतौर पर Gen Z वोटरों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने पर जोर दिया।
एमके स्टालिन ने TVK सरकार पर साधा निशाना
वहीं DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने विजय की अगुवाई वाली TVK सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि यह सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी।
स्टालिन ने कहा कि उन्होंने AIADMK को तोड़कर बहुमत दिखाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। यह सरकार कभी भी गिर सकती है।
उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पर भी निशाना साधा, जो पहले बाहर से समर्थन दे रहे थे लेकिन बाद में सरकार में शामिल हो गए।
“अभिनेता की सरकार से ऊब जाएंगे लोग”
एमके स्टालिन ने विजय सरकार की तुलना “नए खिलौने” से करते हुए कहा कि लोग कुछ समय बाद इससे ऊब जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैसे बच्चे नए खिलौनों से कुछ दिनों में बोर हो जाते हैं, वैसे ही लोग भी अभिनेता की सरकार से ऊब जाएंगे और आखिर में फिर हमारे पास लौटेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस, वामपंथी दल, VCK और IUML वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से DMK गठबंधन का हिस्सा रहे हैं। लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव के बाद इन दलों द्वारा TVK सरकार को समर्थन देने के फैसले से तमिलनाडु की राजनीति में गठबंधन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।