{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अयोध्या-काशी के बाद मथुरा पर BJP का फोकस, CM योगी ने अमित शाह और नितिन नवीन से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। जानिए बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा और मथुरा में क्या रणनीति बनी।

 

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अमित शाह के साथ उनकी करीब एक घंटे तक बैठक हुई। इस मुलाकात में संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद रहे। इन बैठकों को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

अमित शाह से करीब एक घंटे तक चली योगी की बैठक

मथुरा में बीजेपी की चिंतन बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद थे।

हालांकि, इन बैठकों में हुई बातचीत का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां और मथुरा में हुई चिंतन बैठक के निष्कर्ष चर्चा के प्रमुख विषय रहे।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर दी मुलाकात की जानकारी

अमित शाह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, "आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की, अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार।"

मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इसे आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मथुरा के चिंतन शिविर में बीजेपी ने तय किए चुनावी मुद्दे

दिल्ली में बैठकों से पहले मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, योगी सरकार के कामकाज, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद को प्रमुख चुनावी मुद्दों के तौर पर सामने रखा।

कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने और पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों तथा योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

मथुरा में बैठक के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी जोर दिखाई दिया। बैठक के बाद बीजेपी नेताओं ने 'अयोध्या, काशी के बाद अब मथुरा की बारी' का नारा लगाया।

'राधे राधे कमल खिला दे' के नारे के साथ निकले नेता

मथुरा में दो दिन तक चली बैठक के बाद बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 'राधे राधे कमल खिला दे' का नारा लगाया। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि अगर उन्हें अपनी साइकिल सैफई तक पहुंचानी है तो उन्हें मथुरा आकर कृष्ण जन्मभूमि के मुक्ति यज्ञ में सनातनियों का साथ देना चाहिए।

मथुरा से दिल्ली तक बैठकों के क्या हैं सियासी मायने?

मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर और इसके बाद दिल्ली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात को बीजेपी की चुनावी तैयारियों के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

मथुरा में प्रदेश संगठन और कार्यकर्ताओं को चुनावी मुद्दों पर दिशा देने के बाद दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा हुई। हालांकि, पार्टी की ओर से इन बैठकों में लिए गए किसी अंतिम चुनावी फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।