डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप भारत दौरे पर, जैसलमेर से अक्षरधाम तक रहेगा खास कार्यक्रम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलस के साथ निजी भारत दौरे पर हैं। वह जैसलमेर और दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर का दौरा करेंगी। उनके आगमन को लेकर राजस्थान प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
Trump Family India Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलस के साथ निजी भारत दौरे पर हैं। उनके राजस्थान दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जानकारी के अनुसार टिफनी ट्रंप शनिवार को चार्टर्ड विमान से जैसलमेर पहुंचेंगी, जहां उनका दो दिन रुकने का कार्यक्रम तय किया गया है।
जैसलमेर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का करेंगी दौरा
सूत्रों के अनुसार टिफनी ट्रंप अपने राजस्थान दौरे के दौरान विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर सकती हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है।
बताया जा रहा है कि उनके ठहरने की व्यवस्था जैसलमेर के प्रसिद्ध लग्जरी होटल सूर्यागढ़ में की गई है। राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र में इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कड़े इंतजाम
हालांकि टिफनी ट्रंप का यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार से जुड़े होने के कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। जैसलमेर एयरपोर्ट से लेकर होटल और पर्यटन स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
अक्षरधाम मंदिर भी जाएंगी टिफनी ट्रंप
भारत दौरे के दौरान टिफनी ट्रंप नई दिल्ली स्थित प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर का भी दौरा करेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अक्षरधाम मंदिर की वास्तुकला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की खुलकर सराहना की है। उनकी इस यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है।
राजस्थान पर्यटन को मिल सकती है नई पहचान
टिफनी ट्रंप के इस दौरे से जैसलमेर और आसपास के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अतिरिक्त पहचान मिल सकती है। राजस्थान पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग भी इस दौरे को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि जैसलमेर अपनी ऐतिहासिक धरोहर, रेगिस्तानी संस्कृति, किलों और लग्जरी डेजर्ट टूरिज्म के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में ट्रंप परिवार के सदस्य का यहां आगमन राजस्थान पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।